ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे वनडे में बांग्लादेश ने पहले मैच के बाद टीम इंडिया को 272 रन का टारगेट दिया है। बांग्लादेश की ओर से मेहंदी हसन मिराज ने शानदार शतक लगाया। मेहंदी ने महज 83 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 8 चौके और 4 छक्के निकलेऔर महमुदुल्लाह ने 96 गेंदों पर 77 रन बनाए।

69 रन पर 6 विकेट गिरने के बाद दोनों ने सातवें विकेट के लिए 148 रन की साझेदारी की। टीम इंडिया के लिए उमरान मलिक और मोहम्मद सिराज ने दो-दो विकेट लिए। जबकि वाशिंगटन सुंदर को तीन विकेट मिले।

भारत और बांग्लादेश के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में कप्तान रोहित शर्मा गंभीर रूप से चोटिल हो गए हैं। फील्डिंग के दौरान उनके बाएं हाथ के अंगूठे में चोट लग गई थी। इसके बाद उन्हें एक्स-रे के लिए ढाका के एक अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अब उनकी स्टेडियम में वापसी हो गई है। उनकी उंगली बंधी हुई है। BCCI की मेडिकल टीम रोहित की स्थिति पर नजर रख रही है।

हालांकि, वह दूसरी पारी में बल्लेबाजी करेंगे या नहीं, इस पर संशय बना हुआ है। BCCI ने कोई बल्लेबाजी अपडेट जारी नहीं किया है। रोहित का तीसरे वनडे में खेलना भी संदेह के घेरे में है। दूसरे वनडे में रोहित की जगह केएल राहुल कप्तानी संभाल रहे हैं।