पांच अक्टूबर से आईसीसी विश्व कप 2023 की शुरूआत हो रही है । भारत का पहला मैच 8 अक्टूबर को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होगा। भारतीय टीम को इस बार खिताब का दावेदार माना जा रहा है। भारतीय टीम की कमान रोहित शर्मा के हाथों में है। टीम में विराट कोहली समेत कई खिलाड़ी हैं, जो पूर्व में भी विश्व कप टीम का हिस्सा रह चुके हैं। ऐसे में जाहिर है विराट कोहली के प्रदर्शन पर भी सभी की निगाहें रहेंगी। हालांकि, विराट कोहली का वनडे विश्व कप सेमीफाइनल में रिकॉर्ड काफी खराब है। विराट कोहली ने अब तक वनडे वर्ल्ड कप के 3 सेमीफाइनल खेले हैं। इसमें वह सिर्फ 11 रन ही बना पाए हैं।

कोहली ने 2011 में खेला पहला सेमीफाइनल 
विराट कोहली ने वनडे वर्ल्ड कप में अपना पहला सेमीफाइनल 2011 में पाकिस्तान के खिलाफ खेला था। भारत ने उस मैच में 29 रन से जीत हासिल की थी। उस मैच में सचिन तेंदुलकर ने 85 रन की पारी खेली थी, लेकिन चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए विराट कोहली महज 9 रन ही बना पाए थे ।

2015 के सेमीफाइनल में बनाया एक रन 
सेमीफाइनल में भारतीय टीम का ऑस्ट्रेलिया से मुकाबला हुआ। सिडनी में खेले गए उस मैच में भारत को 95 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा। विराट कोहली महज एक रन बनाकर ही पवेलियन लौट गए।

2019 में भी हुए फेल 
विराट कोहली ने 2019 विश्व कप में टीम इंडिया की कमान संभाली। टीम ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। सेमीफाइनल में उसे न्यूजीलैंड के खिलाफ 18 रन से हार झेलनी पड़ी थी। केएल राहुल, रोहित शर्मा और विराट कोहली 11 रन ही बना पाए।