दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने IPL 2023 के लिए अपने नए कप्तान की घोषणा कर दी है। डेविड वॉर्नर को इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी सत्र के लिए टीम की कमान सौंपी गई है। साथ ही अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया है। दिल्ली के रेगुलर कैप्टन ऋषभ पंत के एक कार दुर्घटना में घायल होने के कारण पूरे सत्र से बाहर हो गए हैं। पंत के अगले सीजन में वापसी की उम्मीद है।

वार्नर इससे पहले IPL में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी कर चुके हैं। उन्होंने 2016 में टीम को चैंपियन बनाया था। वह 2022 में दिल्ली की टीम से जुड़े थे। फ्रेंचाइजी ने मेगा ऑक्शन में उन्हें 6.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके बाद के सीजन में वॉर्नर ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 12 मैचों में 48 की औसत से 432 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 150.52 का रहा। वॉर्नर के बल्ले से पांच अर्द्धशतक निकले थे।

वॉर्नर इससे पहले 2009 से 2013 तक दिल्ली फ्रेंचाइजी का भी हिस्सा थे। तब टीम का नाम दिल्ली डेयरडेविल्स था। वहीं, अक्षर पटेल की बात करें तो दिल्ली ने उन्हें 2019 में अपनी टीम में शामिल किया था। वह फ्रेंचाइजी के अहम सदस्य हैं। वह गेंद और बल्ले से प्रभावशाली रहे हैं। दिल्ली कैपिटल्स की टीम IPL के आगामी सत्र में अपने अभियान की शुरुआत एक अप्रैल को लखनऊ में लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ करेगी।

चोटिल ऋषभ पंत की जगह दिल्ली की टीम में फिलहाल किसी खिलाड़ी को शामिल नहीं किया गया है। पंत दिल्ली की टीम का हिस्सा हैं, लेकिन चोट के कारण इस सीजन में नहीं खेल पाएंगे।

दिल्ली की टीम

डेविड वार्नर (कप्तान), अक्षर पटेल (उपकप्तान), पृथ्वी शॉ, मनीष पांडे, फिलिप साल्ट, राइली रूसो, रिपल पटेल, रोवमैन पॉवेल, सरफराज खान, यश धुल, मिचेल मार्श, ललित यादव, एनरिच नार्जे, चेतन सकारिया, कमलेश नागरकोटी , खलील अहमद, लुंगी एनगिडी, मुस्तफिजुर रहमान, अमन खान, कुलदीप यादव, प्रवीण दुबे, विक्की ओस्तवाल, ईशांत शर्मा, मुकेश कुमार।