ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ ओपनर डेविड वार्नर ने दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में दोहरा शतक ठोक दिया। साउथ अफ्रीका के खिलाफ बॉक्सिंग-डे टेस्ट के दूसरे दिन उन्होंने यह कमाल किया। यह टेस्ट मैच डेविड वार्नर के करियर का 100वां टेस्ट भी था।

इस शतक का वार्नर ने लंबा इंतज़ार किया। 1086 दिन, 27 पारी और 15 टेस्ट मैच के इंतजार का सुखद अंत वार्नर ने सेंचुरी नहीं बल्कि डबल सेंचुरी ठोक कर किया। साथ ही अपने आलोचकों को करारा जवाब भी दिया।

कागिसो रबाडा, एनरिच नॉर्टजे और लुंगी एनगिडी जैसे पेस अटैक के खिलाफ 78.74 की स्ट्राइक रेट से वार्नर ने 254 गेंदों में 200 रन की बेमिसाल पारी खेली। हालाँकि दोहरा शतक पूरा करते ही वे रिटायर्ड हर्ट हो गए। 

सचिन तेंदुलकर की बराबरी

इस पारी में शतक लगाने के साथ क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर की बराबरी पर भी आ गए। अब वार्नर ने इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर ओपनर 45 शतक बना लिए हैं, ओपनर सचिन के नाम भी इतनी ही सेंचुरी हैं। दोनों से पीछे 42 शतक वाले क्रिस गेल हैं। वार्नर ने 81वां रन पूरा करते ही टेस्ट क्रिकेट में 8000 रन भी पूरे किए। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह ऑस्ट्रेलिया के आठवें बल्लेबाज हैं। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से 100 टेस्ट मैच खेलने वाले अब वे 14वें क्रिकेटर भी बन गए।