भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार को यहां खेले गए एशिया कप वनडे टूर्नामेंट का मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया। टॉस जीतने के बाद भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.5 ओवर में 266 बनाकर ऑलआउट हो गई थी।

इसके बाद, तेज बारिश के कारण पाक टीम बल्लेबाजी करने के लिए मैदान पर नहीं उतर सकी। लगातार बारिश के कारण आखिरकार अंपायरों को मैच रद्द करने का फैसला करना पड़ा। अब भारतीय टीम सोमवार को नेपाल के खिलाफ मैच खेलने उतरेगी। मैच रद्द होने से दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। पहले मैच में नेपाल को हराने वाली पाक टीम ने सुपर-4 में जगह बना ली है।

हार्दिक और ईशान शतक लगाने से चूके

भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने 66 रन तक चार विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में ईशान किशन और हार्दिक पांडॺा ने पारी को संभाला और पांचवें विकेट के लिए 138 रन की साझेदारी निभाई। हार्दिक ने सर्वाधिक 87 रन बनाए और सात चौकों के साथ एक छक्का लगाया। ईशान ने नौ चौकों और दो छक्कों के साथ 82 रन की जोरदार पारी खेली।

पाक टीम के पेसरों ने घातक गेंदबाजी की

पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने सर्वाधिक चार विकेट हासिल किए। उन्होंने 10 ओवर में 35 रन दिए और दो ओवर मेडन भी फेंके। उनके अलावा नसीम शाह और हारिस राऊफ ने तीन-तीन विकेट चटकाए।