गेंदबाजों के बाद बल्लेबाजों के धमाकेदार प्रदर्शन से वेस्टइंडीज ने रविवार को यहां खेले गए पांचवें और आखिरी टी-20 मैच में भारत को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज ने सीरीज 3-2 से अपने नाम कर ली। खास यह है कि वेस्टइंडीज ने 2017 के बाद लगातार पांच टी-20 सीरीज हारने के बाद भारत से सीरीज जीती है। हार के बाद हार्दिक पांड्या की कप्तानी पर सवाल उठ रहे हैं।
कप्तान हार्दिक पंड्या ने लक्ष्य का पीछा कर रही वेस्टइंडीज़ की पारी का 16 ओवर युजवेंद्र चहल से कराया जिसमें 16 रन बने। सत्रह वें ओवर में हार्दिक ने गेंद पार्ट टाइमर तिलक वर्मा को थमाई। इस ओवर में 12 रन बने और अठारहवे ओवर में जब एक और पार्ट टाइमर यशस्वी जयसवाल को गेंद दी गई तो उन्होंने 18 रन देकर टीम को हार की कगार पा ला दिया।
टॉस जीतकर भारतीय कप्तान हार्दिक पांडॺा ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम नौ विकेट पर 165 रन ही बना सकी। जवाब में वेस्टइंडीज ने 18 ओवर में दो विकेट पर 171 रन बनाकर मैच और सीरीज जीत ली। लक्ष्य का पीछा करने के लिए उतरी वेस्टइंडीज के लिए ओपनर ब्रैंडन किंग ने 85 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने 55 गेंद खेलते हुए पांच चौके और छह छक्के लगाए। इसके साथ ही उन्होंने अपने करियर का कुल सातवां अर्धशतक लगाया। किंग ने दूसरे विकेट के लिए निकोलस पूरन के साथ 72 गेंदों में 107 रन की साझेदारी की। पूरन ने 35 गेंदों में एक चौके और चार छक्कों के साथ 47 रन की तूफानी पारी खेली। हालांकि वह अर्धशतक लगाने से चूक गए।
भारतीय टीम के लिए सूर्यकुमार कुमार ने सर्वाधिक 61 रन बनाए। उन्होंने अपने टी-20 करियर का कुल 15वां अर्धशतक लगाया।
पांच सीरीज के बाद भारतीय टीम को मात
भारतीय टीम का टी-20 में विंडीज टीम के खिलाफ पिछले कुछ सालों में रेकॉर्ड काफी शानदार रहा था। टीम इंडिया ने पिछली पांच सीरीज में वेस्टइंडीज टीम को शिकस्त दी थी। लेकिन बल्लेबाजों और गेंदबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के कारण टीम इंडिया का विजयी अभियान थम गया। दोनों देशों के बीच अब तक कुल सात टी-20 सीरीज खेली गई हैं।