वेस्टइंडीज ने रविवार को यहां खेले गए दूसरे अंतराष्ट्रीय टी-20 मुकाबले में भारतीय टीम को दो विकेट से शिकस्त दे दी। वेस्टइंडीज ने 2016 के बाद पहली बार भारतीय टीम को लगातार दो टी-20 मैचों में शिकस्त दी है।
इसके साथ ही विंडीज ने पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की अहम बढ़त भी बना ली है। टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 152 रन बनाए। जवाब में विंडीज टीम ने 18.5 ओवर में आठ विकेट पर 155 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।
हुसैन और जोसेफ ने दिलाई टीम को जीत
वेस्टइंडीज ने आठ विकेट 129 रन तक गंवा दिए थे। लेकिन इसके बाद अकील हुसैन और अल्जारी जोसेफ ने नौवें विकेट के लिए नाबाद 28 रन जोड़कर टीम को जीत दिला दी। हुसैन ने 10 गेंदों में दो चौकों के संग 16 और जोसेफ ने आठ गेंदों पर एक छक्के संग 10 रन बनाए।
तिलक की पारी पर पानी फिरा :
भारत की ओर से तिलक वर्मा ने 41 गेंदों में 51 रन की पारी खेली और करियर का पहला अर्धशतक लगाया। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया।
निकोलस पूरन ने 67 रन की तूफानी पारी खेली: लक्ष्य का पीछा करते हुए विंडीज टीम के लिए निकोलस पूरन ने 40 गेंदों में 67 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने करियर का 10वां अर्धशतक लगाते हुए छह चौके और चार छक्के लगाए। पूरन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।