वर्ल्‍डकप 2023 के दूसरे सेमीफाइनल में गुरुवार को पांच बार की चैंपियन ऑस्‍ट्रेलिया का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा। कोलकाता का ईंडन गार्डंस में यह मुकाबला रोमांचक होने की संभावना है लेकिन ऑस्‍ट्रेलिया को फाइनल का दावेदार माना जा रहा है।

हालांकि लीग मैच में दक्षिण अफ्रीका टीम, ऑस्‍ट्रेलिया को 134 रनों के बड़े अंतर से पटखनी दे चुकी है लेकिन इस हार के बाद ऑस्ट्रेलिया ने सबक सीख अपने प्रदर्शन को पूरी तरह बदल दिया है। टीम की बैटिंग और बॉलिंग दोनों फॉर्म में आ चुकी हैं।

इससे पहले भी वर्ल्‍डकप के सेमी फाइनल में दोनों टीमें दो बार टकराई हैं  और दोनों बार ही दक्षिण अफ्रीका को शिकस्हैत का सामना करना पडा है। 1999 और 2007 के सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हार मिली है।

1999 के सेमीफाइनल में तो दक्षिण अफ्रीका जीत की कगार पर पहुंचने के बावजूद मैच टाई कर बैठा था और सुपर सिक्‍स टेबल में ऊपर रहने के कारण ऑस्‍ट्रेलिया को फाइनल में एंट्री मिली थी। वर्ल्‍डकप 2007 के सेमीफाइनल में दोनों टीमें एक बार फिर सेमीफाइनल में आमने-सामने थीं जिसमें कंगारू टीम ने 7 विकेट से जीत हासिल की थी।

अगर ईडन गार्डन की पिच की बात की जाये तो मैच की शुरूआत में तेज गेंदबाज थोड़े हावी रहते हैं हालांकि गेंद पुरानी होने के बाद इस मैदान पर बल्लेबाजों का दबदबा रहता है और गेंद बल्ले पर काफी अच्छे से आती है। मैदान की आउटफील्ड भी काफी तेज है। इस मैदान पर स्पिनर्स का जलवा भी देखने को मिलता है।

ईडन गार्डन स्टेडियम में अभी तक 35 वनडे मैच खेले गए हैं। इस मैचों में से पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 21 मुकाबले जीते हैं और बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम के लिए 13 मैच रहे हैं। वहीं, एक मैच रद्द भी रहा है। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 240 रन है।