भारतीय कुश्ती संघ अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवानों के धरने का शुक्रवार को छठा दिन है। आज पहलवानों ने धरने वाली जगह पर एक पोस्टर लगाया और इस पोस्टर में बृजभूषण के खिलाफ दर्ज मामलों को दिखाया। पोस्टर में कुश्ती संघ के अध्यक्ष पर दर्ज 38 मामलों का जिक्र है। वहीं आज पहलवानों के समर्थन में बड़े एथलीट्स और बॉलीवुड स्टार्स ने बयान दिए हैं। ओलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने कहा- सड़क पर इंसाफ मांग रहे एथलीट्स को देखकर कष्ट होता है, इन्हें न्याय मिलना चाहिए।

एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर ने कहा कि इन्हें इंसाफ नहीं मिला तो देर हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि एक नाबालिग रेसलर समेत 7 महिला खिलाड़ियों ने 21 अप्रैल को बृजभूषण के खिलाफ शिकायत दी थी, पर केस दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद रेसलर्स ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। भारतीय ओलिंपिक अध्यक्ष पीटी उषा का यह कहना धरना दे रहे पहलवानों को खल गया है कि सड़कों पर प्रदर्शन करना अनुशासनहीनता है।

इससे भारत की छवि खराब हो रही है। इसके जवाब में अब रेसलर बजरंग पूनिया ने कहा, कि पहले तो पीटी उषा यह बताएं कि अगर हमारा धरना अनुशासनहीनता है, तो जब उनकी खुद की एकेडमी टूट रही थी तो मीडिया के सामने आकर क्यों रोई थीं? पूनिया ने खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के इस बयान कि मैं खुद पहलवानों की साढ़े 12 घंटे बात सुन चुका हूं पर कहा है कि खेल मंत्री 2-4 मिनट हमारे बीच बैठे थे। बाकी समय उनके अधिकारी ही मध्यस्थता कराने में जुटे थे।