मुंबई के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने ईरानी ट्रॉफी में अपने बल्ले से कोहराम मचा दिया है। रेस्ट ऑफ इंडिया के लिए खेलते हुए यशस्वी ने ईरानी कप की पहली पारी में दोहरा शतक लगाया था। अब अपने ईरानी कप डेब्यू मुकाबले की दूसरी पारी में भी उन्होंने फिर शतक ठोक दिया है।
पहली पारी में यशस्वी ने 259 गेंदों पर उन्होंने 213 रनों की तेज पारी खेली थी। इसमें 30 चौके और 3 छक्के शामिल थे। वहीं दूसरी पारी में यशस्वी ने 104 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। अब यशस्वी ईरानी कप के एक ही मैच में दोहरा शतक और शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
यशस्वी से पहले शिखर धवन और हनुमा विहारी ने दोनों पारियों में शतक लगाया था लेकिन दोनों में से कोई भी बल्लेबाज़ दोहरा शतक और शतक नहीं लगा पाया था।21 साल के यशस्वी इसके साथ ही ईरानी कप के एक मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। पहले यह रिकॉर्ड शिखर धवन (332 रन) के नाम था।
यशस्वी जायसवाल घरेलु क्रिकेट में लगातार रन बना रहे हैं। जायसवाल अंडर-19 विश्वकप जीतने वाली टीम का हिस्सा भी रहे हैं। आईपीएल में संजू सैमसन की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले यशस्वी जायसवाल इस बार भी आईपीएल में अपना जलवा दिखाने को तैयार हैं।