T-20 वर्ल्ड कप के सुपर 12 राउंड में श्रीलंका ने मंगलवार को अपनी दूसरी जीत दर्ज की। लगातार दो मुकाबलों में मिली हार के बाद श्रीलंका ने अफगानिस्तान को छह विकेट से हराकर सेमीफाइनल के लिए अपनी उम्मीदों को बरकरार रखा है। वहीं अफगानिस्तान वर्ल्ड कप से बाहर हो गया है।
इस मुकाबले में पहली बल्लेबाज़ी करते हुए अफगानिस्तान ने निर्धारित 20 ओवर्स में श्रीलंका ने 8 विकेट खोकर 144 रन बनाये। श्रीलंका ने लक्ष्य 9 गेंद शेष रहते चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही अब श्रीलंका के चार मुकाबलों में चार अंक हो गए उसे अपना आखिरी मुकाबला अब इंग्लैंड के खिलाफ खेलना है।
श्रीलंका के लिए इस मुकाबले में वानिंदु हसरंगा ने अपनी फिरकी से पहले अफगानी बल्लेबाजों को छकाते हुए 3 विकेट झटके और फिर धनजंय डि सिल्वा ने नाबाद 62 रनों की पारी खेल अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
श्रीलंका के लिए कुसल मेंडिस ने 25, चरित असालंका ने 19, भानुका राजपक्षे ने 18 और पथुम निसांका ने 10 रनों का योगदान दिया। कप्तान दासुन शनाका खाता खोले बगैर नाबाद रहे। श्रीलंका के लिए तीन विकेट लेने वाले वानिंदु हसरंगा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।