भारत और पाकिस्तान के साथ उपमहाद्वीप की शीर्ष टीमें शनिवार से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में शुरू होने वाले एशिया कप के लिए जब मैदान में उतरेंगी तो उनका लक्ष्य इस खिताब को जीतने के साथ ही इस साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप के लिए अपनी तैयारियों को और पुख्ता करना होगा। पहले मुकाबले में श्रीलंका अपने से नीचे रैंकिंग की टीम अफगानिस्तान के साथ खेलेगा। श्रीलंका की टीम ने नए मुख्य कोच क्रिस सिल्वरवुड की देखरेख में काफी सुधार किया है। टीम में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। खिलाड़ियों के पास इस टूर्नामेंट से रातों रात स्टार बनने और देश में संघर्ष की स्थिति के बीच लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाने का इससे अच्छा मौका नहीं होगा।

आगामी टी-20 विश्व कप के कारण छह साल के बाद इस टूर्नामेंट को भी खेल के अपने सबसे छोटे प्रारूप में खेला जाएगा, जहां कोई भी टीम किसी भी टीम मात देने का माद्दा रखती है। क्वालीफायर हांगकांग के अलावा टूर्नामेंट में भाग ले रही सात बार की चैंपियन भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश की टीमें अपने दिन किसी को भी हरा सकती है। मेजबान श्रीलंका में आर्थिक और राजनीतिक संकट के कारण टूर्नामेंट का आयोजन यूएई में करना पड़ा।

खिताब की हैट्रिक लगाने उतरेगा भारत: इस टूर्नामेंट में भारत खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगा। भारतीय टीम ने 2016 और | 2018 में लगातार दो बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया था और इस बार टीम रोहित शर्मा की अगुवाई में जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से उतरेगी। भारत अपने अभियान की शुरुआत रविवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के विरुद्ध करेगी। पाकिस्तान की टीम भले ही भारत के मुकाबले इस टूर्नामेंट में इतनी सफल नहीं रही है, लेकिन उसके हाल के प्रदर्शन को देखें तो पाकिस्तान की टीम भारत को कड़ी टक्कर दे सकती है। दोनों टीमों के बीच पिछली बार दुबई में टी-20 विश्व कप के सुपर-12 चरण में भिड़ंत हुई थी, जहां पाकिस्तान की टीम भारत पर भारी पड़ी थी।

पाकिस्तान के प्रदर्शन में पिछले 12 महीने से लगातार सुधार हो रहा है। टीम 10 साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर से चैंपियन बनने के लिए पूरा जोर लगाएगी। टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले टीम के शीर्ष तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी के चोटिल होने के कारण गेंदबाजी थोड़ी कमजोर हुई है, लेकिन बाबर आजम और मुहम्मद रिजवान जैसे धाकड़ बल्लेबाज अपने दम पर मैच जिताने की क्षमता रखते है। बाबर बेहद शानदार फार्म में चल रहे हैं और उन्हें रोकना गेंदबाजों के लिए कठिन काम होगा।