हाथरस में शांति सत्संग में भगदड़, 50 से ज्यादा मौत


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

अस्पताल के बाहर बिखरी पड़ी लाशें; टैंपो में लादकर ले गए; 150 घायल..!!

उत्तर प्रदेश के हाथरस में भोले बाबा के सत्संग के दौरान भगदड़ मच गई। इसमें 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। 150 से अधिक भक्त घायल हैं। इनमें कई की हालत गंभीर हैं। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। मुख्य सचिव मनोज सिंह और डीजीपी प्रशांत कुमार घटनास्थल के रवाना हो गए हैं।

एटा सीएमओ उमेश त्रिपाठी ने बताया कि हाथरस से अब तक 27 शव आ चुके हैं। इनमें 25 महिलाएं और 2 पुरुष हैं। बाकी शव सीएचसी सिकंदराराऊ में हैं। वहां करीब 150 से ज्यादा लोग एडमिट हैं। शवों के पंचनामा की प्रक्रिया चल रही है। फिर पोस्टमार्टम किया जाएगा। घटना रतिभानपुर में हुई है।

हादसे के बाद हालात भयावह हो गए। जैसे-तैसे घायलों और मृतकों को बस-टैंपों में लादकर जिला अस्पताल ले जाया गया। सीएम योगी ने एडीजी आगरा और कमिश्नर को अलीगढ़ पहुंचने के आदेश दिए हैं। डीएम और एसपी मौके पर पहुंच गए हैं। सत्संग में 15 हजार से अधिक लोग आए थे।