भोपाल: प्रदेश के सरकारी विभाग एवं कार्यालय केंद्र सरकार के जेम पोर्टल से वस्तुओं की खरीदी तो कर रहे हैं परन्तु उसका भुगतान नहीं कर रहे हैं। इस पर केंद्र के उद्योग मंत्रालयच ने आपत्ति की है जिस पर राज्य के एमएसएमई विभाग के संचालक विशेष गढपाले को सभी विभाग प्रमुखों को हिदायत जारी करना पड़ी है कि वे लंबित भुगतान के मामले जल्द निपटायें।

संचालक ने हिदायत में कहा है कि जेम पोर्टल पर मप्र में 6 माह से अधिक के भुगतान लंबित है तथा कई प्रकरणों में आफलाईन भुगतान कर दिया गया है, किंतु किये गये भुगतान की जानकारी जेम पोर्टल पर अपडेट नहीं की गई है। ऑफलाईन भुगतान को अपडेट करने के लिए जेम द्वारा बल्क पेमेंट अपडेशन फेसेलिटी तैयार की गई है, जिस पर बॉयर द्वारा भुगतान की स्थिति एक्सल शीट के माध्यम से अपलोड किया जा सकता है। इसलिये विभाग के अधीन जेम पोर्टल के माध्यम से किये गये क्रय के लंबित भुगतान शीघ्रतिशीघ्र करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करें। यदि ऑफलाईन भुगतान किया गया हो तो उक्त प्रक्रिया के अनुसार बल्क पेमेंट अपडेशन फेसेलिटी के अनुसार अपडेट करें।