भोपाल: प्रदेश के ज्यादतर ग्रामीण क्षेत्रों में यात्री वाहन नहीं चल रहे हैं जिससे ग्रामीणों को आवागमन में कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसलिये अब राज्य सरकार ग्रामीण परिवहन नीति ला रही है तथा विदिशा जिले में इसका पायलट प्रोजेक्ट शुरु किया जायेगा। इसके तहत ऐसे यात्री वाहनों को 5 हजार रुपये प्रति माह तक अनुदान दिया जायेगा जिससे वे घाटे में न रहें। इस साल के अंत तक पूरे प्रदेश में इस नीति को लोकर लागू किया जायेगा।

ग्रामीण परिवहन नीति लाने के लिये मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने परिवहन विभाग को निर्देश दिये हुये हैं। विदिशा में पायलट प्रोजेक्ट शुरु करने का प्रस्ताव तैयार हो गया है तथा केबिनेट की स्वीकृति हेतु संक्षेपिका भेजी गई है। उल्लेखनीय है कि पहले भी ग्रामीण परिवहन के लिये राज्य सरकार ने प्रावधान किया था कि सेवन सीटर यात्री वाहन चलाने पर परिवहन टैक्स 8 प्रतिशत के बजाये 1 प्रतिशत लिया जायेगा। परन्तु इसके बावजूद निजी क्षेत्र के लोग ग्रामीण रुट पर यात्री वाहन चलाने के लिये तैयार नहीं हुये। इसीलिये अब आर्थिक अनुदान देने की तैयारी की गई है।

ऐसा होगा पायलट प्रोजेक्ट :

विदिशा जिला पंचायत सीईओ से परिवहन विभाग ने जानकारी मंगाई है जिसमें 7 से 20 सीटर तक यात्री वाहन 76 ग्रामीण रुट पर चलाये जायेंगे। ये वे रुट होंगे जिनमें पहले से ही यात्री वाहन नहीं चल रहे हैं। फार्मूला बनाया गया है कि यदि इन ग्रामीण मार्ग पर चालीस किमी प्रतिदिन यात्री वाहन चलता है तो उसे 5 हजार रुपये प्रति वाहन के हिसाब से आर्थिक अनुदान दिया जायेगा। इस पायलट प्रोजेक्ट में 546 गांव लाभान्वित किये जायेंगे तथा इनका कुल ग्रामीण रुट 1513 किमी रहेगा। इन पर यात्री वाहन चलाने पर परिवहन विभाग को 44 लाख 16 हजार रुपये आर्थिक अनुदान देना होगा। पायलट प्रोजेक्ट सफल होने पर पूरे प्रदेश में इसे लागू किया जायेगा।

यह है असल समस्या :

ग्रामीण क्षेत्रों में यात्री वाहन चलाने के लिये निजी क्षेत्र इसलिये आगे नहीं आता है क्योंकि उसे अपेक्षित संख्या में यात्री नहीं मिल पाते हैं तथा वह घाटे में चला जाता है। यात्री वाहनों को चलाने में घाटा न हो इसीलिये उन्हें पहली बार आर्थिक अनुदान देने की पहल की जा रही है।
विभागीय अधिकारी ने बताया कि ग्रामीण परिवहन नीति लाने के लिये सीएम के निर्देश हैं तथा इस पर काम किया जा रहा है। केबिनेट की स्वीकृति से विदिशा में पायलट प्रोजेक्ट प्रारंभ किया जायेगा।