फिल्म-वेबसीरिज की शूटिंग के लिए मध्यप्रदेश एक सेंट्रल हब के रूप में विकसित हो चुका है। देश के प्रसिद्ध फिल्म निर्माता-निर्देशक मध्यप्रदेश फिल्म टूरिज्म पॉलिसी से प्रभावित होकर प्रदेश में शूटिंग के लिए प्रेरित हो रहे हैं। इसी क्रम में प्रोडक्शन हाउस ओम स्पोर्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड प्रदेश में 5 फिल्म और दो वेब सीरिज शूट करेगा।

इसके लिए कंपनी ने मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड और मप्र पर्यटन विकास निगम के साथ एक समझौता ज्ञापन (एम.ओ.यू.) पर हस्ताक्षर किया गया है। प्रोडक्शन हाउस इन प्रोजेक्ट्स के जरिये पांच सालों में 50 करोड़ रुपए का निवेश करेगा।

प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति और प्रबंध संचालक, मप्र टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला की मौजूदगी में बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक विवेक श्रोत्रिय ने एमओयू पर हस्ताक्षर किये। ओम स्पोर्टमेंट प्रालि की ओर से प्रोड्युसर आशिम खेत्रपाल और सुश्री राधिका खेत्रपाल मौजूद थे। 

एमओयू की जानकारी देते हुए टूरिज्म बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर (फिल्म्स) युवराज पडोले ने कहा, पर्यटन विभाग के लिए यह खुशी की बात है कि ओम स्पोर्टमेंट प्रालि द्वारा प्रदेश की विभिन्न लोकेशन्स पर 5 फिल्म और 2 वेबसीरिज शूट की जाएगी। एमओयू के तहत कंपनी द्वारा स्थानीय कलाकारों को प्रशिक्षण देकर मौका दिया जाएगा। प्रदेश के पर्यटन गंतव्यों का प्रचार भी होगा। 

पहली फिल्म ‘चिल्ड्रन ऑफ गॉड’ की शूटिंग जनवरी 2023 में

कंपनी की प्रोड्युसर सुश्री राधिका खेत्रपाल ने कहा कि मप्र पर्यटन विभाग से एम.ओ.यू हमारे लिए गर्व की बात है। विभाग का हमेशा फिल्मकारों को सराहनीय सहयोग रहा है। एमओयू के तहत हम प्रदेश में सात प्रोजेक्ट शूट करेंगे। सभी की स्क्रिप्ट तैयार है। पहली फिल्म ‘चिल्ड्रन ऑफ गॉड’ की शूटिंग जनवरी में शुरू होगी और अक्टूबर में रिलीज की जाएगी।