Vande Bharat Train: ओडिशा में वंदे भारत ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आई है. इस पथराव में ईसी क्लास के डिबे का शीशा टूट गया है. पथराव की यह घटना भुवनेश्वर-राउरकेला वंदे भारत ट्रेन (20835) में देखने को मिली है. फिलहाल, इस घटना के बाद केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है.
सामाचर एजेंसी ANI के मुताबिक, भुवनेश्वर-राउरकेला वंदे भारत ट्रेन (20835) को भुवनेश्वर-संबलपुर रेल लाइन के ढेंकनाल-अंगुल रेलवे खंड पर मेरामंडली और बुधपंक के बीच पत्थरबाजों ने निशाना बनाया. इस घटना के कारण ईसी क्लास के कोच का विंडो क्षतिग्रस्त हो गया. इस हमले में खिड़की के शीशे टूट गए. हालांकि, यात्रियों को कुछ नुकसान नहीं हुआ है.
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ओडिशा में वंदे भारत ट्रेन पर हुए पथराव की जनकारी पुलिस को दे दी गई है. पथराव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. सूत्रों की माने तो ईसीओआर की दोनों सुरक्षा शाखाएं स्थानीय पुलिस के जरिए पथराव करने वालों का पता लगाने में जुट गई है.
इससे पहले भी देश के अलग-अलग हिस्सों में वंदे भारत ट्रेन पर पथराव किया जा चुका है. इन हमलों में अब तक किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है. ऐसी घटनाएं न हों इसके लिए एक तरफ भारतीय रेलवे द्वारा लोगों को ट्रेनों पर पत्थर न फेंकने को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. वहीं, दूसरी तरफ पथराव की घटनाएं भी रूकने का नाम नहीं ले रही हैं.