देशभर में आंधी-बारिश से पारा 40 डिग्री के नीचे आ गया है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, तमिलनाडु और गुजरात में बारिश हुई। एमपी के सिंगरौली में बिजली गिरने से किशोर की और नीमच में जर्जर मकान की छत गिरने से मां-बेटे की मौत हो गई।

मध्य प्रदेश में ओले-बारिश और तेज आंधी की वजह से हीटवेव (लू) का असर खत्म हो गया है। मंगलवार को प्रदेश के ज्यादातर शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे रहा। कहीं भी हीटवेव नहीं चली। ऐसा ही मौसम अगले 4 दिन बना रहेगा। मौसम केंद्र भोपाल ने बुधवार को इंदौर-उज्जैन समेत प्रदेश के 36 जिलों में तेज आंधी, बारिश का अलर्ट जारी किया है।

जम्मू-कश्मीर के डोडा, किश्तवाड़ और पुंछ जिलों में बादल फटे। जिससे सड़कें जाम हो गईं, रिहायशी इलाके पानी में डूब गए और गाड़ियां मलबे में फंस गईं। अनंतनाग जिले में आंधी में पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

वहीं यूपी के आगरा में करीब एक घंटे तक तेज बारिश से सड़कें और फुटपाथ धंस गए। इसमें ट्रैक्टर-ट्रॉली, कारें और ट्रक पलट गए। राजस्थान, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में आंधी-तूफान की आशंका के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

केरलम में 4 जून को पहुंचेगा मानसून

मौसम विभाग ने बताया कि मानसून 4 जून को केरलम के तट पर पहुंच सकता है। पहले 26 मई को केरलम पहुंचने का अनुमान था। मानसून आमतौर पर 1 जून के आसपास केरलम पहुंचता है और अगले डेढ़ महीने में पूरे देश को कवर करता है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 2 से 6 जून के बीच केरलम के ज्यादातर हिस्सों में बारिश होगी। मंगलवार को मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड में आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बाकी 11 जिलों में यलो अलर्ट है।