एमपी समेत देश के 23 राज्यों में जून की शुरूआत गर्मी से राहत लेकर आई। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, मध्य प्रदेश, हरियाणा और बिहार के कई इलाकों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि हुई। इससे तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 2 से 3 दिनों में केरलम पहुंच सकता है। पहले 26 मई को मानसून पहुंचने का अनुमान लगाया गया था। मानसून आमतौर पर 1 जून के आसपास केरलम पहुंचता है और अगले डेढ़ महीने में पूरे देश को कवर करता है।
नौतपा में लगातार 8 दिन से मध्य प्रदेश में आंधी, बारिश के साथ ओले गिर रहे हैं। इस वजह से हीटवेव (लू) का असर खत्म हो गया है और न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री से ज्यादा की गिरावट हुई है। मंगलवार को नौतपा का आखिरी दिन है। इस दिन 45 जिलों में मौसम बदला रहेगा।
अगर मध्यप्रदेश की बात करें तो यहां आंधी-बारिश के बीच दिन और रात के तापमान में खासी गिरावट आई है। रविवार-सोमवार की रात की बात करें तो खंडवा में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री पर आ गया। पचमढ़ी में 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दमोह में पारा 21.8 डिग्री, रीवा में 22 डिग्री, खरगोन-छिंदवाड़ा में 23.4 डिग्री, उमरिया में 23.5 डिग्री, दतिया में 23.7 डिग्री, नौगांव-नरसिंहपुर में 24.2 डिग्री, धार में 24.3 डिग्री, रतलाम, टीकमगढ़-सतना में 24.5 डिग्री और मंडला में 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा। ऐसा ही मौसम सोमवार को दिन में भी रहा।
वहीं, दिन की बात करें तो सोमवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे आ गया। प्रदेश के 5 बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 37.6 डिग्री, इंदौर में 38.1 डिग्री, ग्वालियर में 35.9 डिग्री, उज्जैन में 38.5 डिग्री और जबलपुर में 38.6 डिग्री रहा। वहीं, दतिया में 34.4 डिग्री, पचमढ़ी में 33.6 डिग्री, गुना में 33.8 डिग्री और खंडवा में सबसे कम 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।