नई दिल्ली. भारत में ऐसा ड्रोन तैयार हो गया जिसपर बैठकर हवा में उड़ भी सकेंगे. इंसानों को उठाकर उड़ने में सक्षम ड्रोन बनकर तैयार हो गया है. इसे अभी भारतीय नौसेना के उपयोग के लिए बनाया गया है. शुरुआत में इसे जरूरी सामानों के परिवहन में उपयोग किया जाएगा. फिर इसे इंसानों को लाने—ले जाने के लिए उपयोग में लाया जाएगा. इसकी उड़ान PM नरेंद्र मोदी ने भी देखी है. भारतीय नौसेना के लिए तैयार ड्रोन का जमीनी ट्रायल चल रह है. इसका समुद्री ट्रायल भी जल्द ही होगा.
यह ड्रोन भारतीय रक्षा स्टार्टअप सागर डिफेंस ने बनाकर तैयार किया है. यह किसी इंसान को लेकर उड़ सकता है. इंसान को सिर्फ इसमें बैठना ही होगा. इसके अलावा उसे कुछ नहीं करना होगा. यह ड्रोन उसे एक जगह से दूसरी जगह ले जाएगा. इसे रिमोटली ऑपरेट किया जाएगा.
सागर डिफेंस के पदाधिकारियों के अनुसार हमने अपने ड्रोन के परफॉर्मेंस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) को भी दिखाया. यह इंडिया का पहला इलेक्ट्रॉनिक ह्यूमन कैरींग प्लेटफॉर्म (India's First Electronic Human Carrying Platform) है. फिलहाल यह ड्रोन जमीन से दो मीटर ऊपर तक उड़ सकता है. इसे भारतीय नौसेना (Indian Navy) के लिए बनाया गया है ताकि सामानों का परिवहन आसानी से हो सके. इस ड्रोन को वरुण (Varuna) नाम दिया गया है. इसमें चार ऑटोपायलट मोड हैं जोकि इसे लगातार उड़ने की क्षमता देते हैं. इसके कुछ रोटर अगर खराब भी हो जाएं तब भी उड़ने की दिक्कत नहीं होगी. जमीन पर इसका ट्रायल हो चुका है अगले तीन महीने में इसका समुद्री ट्रायल किया जाएगा.