प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव में विजयी उम्मीदवारों की जीत का जश्न जारी है। इस बीच सतना में चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद एक वार्ड में विजयी उम्मीदवार के घर जश्न की खुशियां मातम में बदल गईं।

मैहर नगर पालिका निगम पार्षद पद पर जीते उम्मीदवार को पार्षद बनने की खुशी मिले कुछ समय ही गुजरा था कि अचानक ही पूरे परिवार पर गमों का पहाड़ टूट गया। वार्ड नंबर 3 से कांग्रेस के प्रत्याशी रामू कोल पार्षद निर्वाचित हुए थे लेकिन पार्षद बनने के कुछ समय बाद उनके पुत्र कृष्णा कोल की अचानक ही मौत हो गई।

पार्षद का बेटा कृष्णा परिणाम की घोषणा किए जाने के समय अपने घर पर था। फोन पर जब उसे अपने पिता की जीत की खबर मिली तो कृष्णा मिठाई, डीजे और बैंड बाजे की व्यवस्था करने लगा। इस बीच अचानक ही कृष्णा बेहोश होकर गिर पड़ा। तुरंत उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

डॉक्टरों के मुताबिक हार्ट फेल होने से कृष्णा की मौत हुई है। पिता के चुनाव जीतने के जश्न के बीच अचानक से हुई बेटे की इस मौत ने सभी को स्तब्ध कर कर दिया। अचानक हुई इस घटना के बाद परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है।