पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 2.82 लाख से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं, जो कल के मुकाबले 18.9% ज्यादा है। नए मरीजों के आने से देश में सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 18 लाख 31 हजार हो गई है। पिछले 24 घंटों में सक्रिय मामलों की संख्या में 94,372 की वृद्धि हुई है। देश में अब तक कोरोना के 3.79 करोड़ से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 3.55 करोड़ से ज्यादा मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। देश में पिछले 24 घंटों में कुल 441 लोगों की मौत हुई है, जिससे अब तक कोरोना संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 4,87,202 हो गई है।

पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक मामले सामने आने के साथ कर्नाटक शीर्ष पांच राज्यों की सूची में सबसे ऊपर है। यहां कोरोना के 41,457 मामले सामने आए हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 39,207, केरल में 28,481, तमिलनाडु में 23,888 और गुजरात में 17,119 मामले सामने आए। इन 5 राज्यों में से 53.07% नए मामले सामने आए हैं, जिनमें से अकेले कर्नाटक में 14.65% नए मामले सामने आए हैं।

कोरोना की डेली पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 15.13% हो गई है। वहीं, देश में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के मामलों की संख्या बढ़कर 8,961 हो गई है। ओमिक्रोन के मरीजों में कल 0.79% की वृद्धि हुई। आंकड़ों के मुताबिक संक्रमण की दैनिक दर 14.43 फीसदी और साप्ताहिक दर 14.92 फीसदी रही। देश में अब तक कुल 3,55,83,039 लोग संक्रमित हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.29 फीसदी है।

राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक कोविड-19 वैक्सीन की 1,58,88,47,554 खुराकें दी जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि अब तक कोरोनो वायरस संक्रमण से मरने वाले 70 प्रतिशत से अधिक रोगियों को अन्य बीमारियां थी। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि उसके डेटा का इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के डेटा से मिलान किया जा रहा है।