सुखविंदर सिंह सुक्खू को शनिवार को हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल के नेता के रूप में चुना गया, जिससे हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में उनका मार्ग प्रशस्त हुआ।

नवनिर्वाचित विधायकों ने शुक्रवार को एक प्रस्ताव पारित कर पार्टी आलाकमान को विधायक दल का नेता चुनने के लिए प्रस्ताव दिया था। शाम को यहां पार्टी विधायकों की बैठक हुई,कांग्रेस नेतृत्व ने पहले ये एलान किया था कि सुक्खू नए मुख्यमंत्री होंगे, जिसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग को लेकर नारेबाजी की थी।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और हिमाचल पर्यवेक्षक भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा वीरभद्र सिंह और कई अन्य कांग्रेस नेता नए नेता के चुनाव की निगरानी के लिए शिमला में थे।

छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि आलाकमान ने सुक्खू को विधायक दल का नेता चुना है और मुकेश अग्निहोत्री उपमुख्यमंत्री होंगे।

उन्होंने कहा, "शपथ ग्रहण समारोह कल सुबह 11 बजे होगा।"

58 वर्षीय सुक्खू ने चुने जाने के बाद सोनिया गांधी और राहुल गांधी की सराहना की और कहा कि पार्टी अपने चुनावी वादों को पूरा करेगी।

उन्होंने कहा कि नई सरकार "बदलाव लाएगी"।

"मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और राज्य के लोगों का शुक्रगुजार हूं। हमारी सरकार बदलाव लाएगी। हिमाचल प्रदेश के लोगों से किए गए वादों को पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है। हमें देश के लिए काम करना है। राज्य का विकास होगा।"

सुक्खू ने कहा कि, "डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और मैं एक टीम के रूप में काम करूंगा। मैंने अपना राजनीतिक करियर 17 साल की उम्र में शुरू किया था। कांग्रेस पार्टी ने मेरे लिए जो किया है, उसे मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा।"

कांग्रेस ने हिमाचल में विधानसभा चुनाव में 40 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया है।