एशिया कप 2022 में कुछ ऐसे खिलाड़ियों ने चमत्कारी प्रदर्शन किया है जिसकी उम्मीद शायद किसी ने नहीं की होगी। पिछले 1020 दिनों से फॉर्म से बाहर चल रहे विराट कोहली ने अफगानिस्तान के खिलाफ शतक लगा कर अपनी दमदार वापसी की है। इसके अलावा पावरप्ले एक्सपर्ट भुवनेश्वर कुमार ने भी अपनी स्विंग से खूब विकेट चटकाए। एशिया कप विजेता श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा ने भी दमदार प्रदर्शन किया।

खिलाड़ियों के मजबूत प्रदर्शन के बाद आईसीसी टी-20 रैंकिंग में भी काफी फेरबदल देखने को मिला है। आईसीसी टी-20 रैंकिंग में वानिंदु हसरंगा, विराट कोहली और भुवनेश्वर कुमार बड़े मूवर्स साबित हुए हैं। गेंदबाजों की तालिका में, श्रीलंका की छठी बार एशिया कप जीत में हसरंगा का बड़ा योगदान रहा है। हसरंगा, भुवनेश्वर के बाद दूसरे सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए हसरंगा ने 7.39 की इकॉनमी रेट से नौ विकेट चटकाए।

Image

दिग्गज भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली हाल ही में संपन्न एशिया कप टी20 टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की बुधवार को जारी नवीनतम रैंकिंग में 14 स्थान के सुधार के साथ 15 वें पायदान पर पहुंच गये। कोहली ने यूएई में खेले गये एशिया कप में पांच मैचों में 276 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तीन साल में अपना पहला शतक जड़ा। इस सूची की अगुवाई पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान (810 रेटिंग अंक) कर रहे हैं जबकि मध्यक्रम के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (755 रेटिंग अंक) चौथे स्थान के साथ सर्वश्रेष्ठ भारतीय बल्लेबाज हैं।

Image

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (606 रेटिंग अंक) इस सूची में 14वें स्थान पर हैं। गेंदबाजों की सूची में भुवनेश्वर कुमार एक स्थान के नुकसान के साथ सातवें पायदान पर खिसक गए जबकि रविचंद्रन अश्विन (नौ-स्थान के सुधार के साथ 41वें) और अक्षर पटेल (14 स्थान के सुधार के साथ 57वें) अपनी रैंकिंग में सुधार करने में सफल रहे। पाकिस्तान के हारिस रउफ (नौ स्थान के सुधार के साथ 25वें) और मोहम्मद नवाज (सात स्थान के सुधार के साथ 25वें) भी एशिया कप में अच्छे प्रदर्शन से अपनी रैंकिंग को बेहतर करने वाले गेंदबाजों में शामिल हैं।

Image

ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड (792 रेटिंग अंक), दक्षिण अफ्रीका के तबरेज शम्सी (716 रेटिंग अंक) और इंग्लैंड के आदिल राशिद (702 रेटिंग अंक) गेंदबाजों की सूची में शीर्ष तीन स्थानों पर बने हुए हैं। अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी ने इस बीच हरफनमौला खिलाड़ियों की सूची में शीर्ष रैंकिंग गंवा दी। बांग्लादेश के शाकिब अल हसन अब शीर्ष रैंकिंग वाले हरफनमौला हैं।