टीम इंडिया के नए स्टार सूर्यकुमार यादव ICC की ताजा टी-20 रैंकिंग में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बन गए हैं। सूर्यकुमार ने पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान को पीछे छोड़ यह मुकाम हासिल किया। ताजा रैंकिंग में सूर्यकुमार के 863 रेटिंग पॉइंट के साथ टॉप पर हैं वहीं, रिजवान के 842 रेटिंग पॉइंट के साथ दूसरे स्थान पर आ गए हैं।
सूर्यकुमार इस साल जबर्दस्त फॉर्म में हैं। वे इस साल T-20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। उन्होंने साल 2022 में अब तक 27 मैचों में 41.95 की औसत और 183.80 के स्ट्राइक रेट से 965 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक भी शामिल है जो इंग्लैंड के खिलाफ आया था। सूर्यकुमार ने 117 रन की पारी खेली थी। इस साल टी- 20 इंटरनेशनल में एक शतक और आठ अर्धशतक जड़े हैं।
सूर्यकुमार ने एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पाकिस्तान के बाबर आजम को भी पीछे छोड़ दिया। अब सूर्यकुमार की नजर पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान के रिकॉर्ड पर भी है। एक कैलेंडर ईयर में टी- 20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रिजवान के नाम है। रिजवान ने साल 2021 में 29 मैचों में 1326 रन बनाए थे। वहीं, बाबर ने 2021 में 29 मैचों में 939 रन बनाए थे