साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच में सूर्यकुमार यादव ने भारतीय टीम के लिए नाबाद अर्धशतकीय पारी खेलते हुए ना सिर्फ टीम इंडिया को जीत दिलाई बल्कि इस मैच में लगाए अपने 3 छक्कों के दम पर उन्होंने एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम दर्ज कर लिया। सूर्यकुमार यादव ने इस रिकॉर्ड पर पहले से कब्जा किए पाकिस्तान के ओपनर बल्लेबाज मो. रिजवान को पीछे छोड़ दिया।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ सूर्यकुमार यादव ने 33 गेंदों पर 3 छक्के व 5 चौकों की मदद से नाबाद 50 रन की पारी खेली और ये रन उन्होंने 151.52 की स्ट्राइक रेट से बनाए। अपनी पारी में लगाए इन 3 छक्कों की मदद से सूर्यकुमार यादव अब एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। सूर्यकुमार यादव से पहले ये रिकॉर्ड पाकिस्तान के बल्लेबाज मो. रिजवान के नाम पर दर्ज था, लेकिन वो अब दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं और सूर्यकुमार यादव पहले स्थान पर आ गए हैं।
साल 2022 में सूर्यकुमार यादव ने अब तक कुल 45 छक्के लगाए हैं जबकि साल 2021 में मो. रिजवान ने 42 छक्के लगाए थे। वहीं इस मामले में तीसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल का नाम आता है जिन्होंने साल 2021 में कुल 41 छक्के लगाए थे तो वहीं वेस्टइंडीज के बल्लेबाज इविन लुईस इस लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने साल 2021 में 37 छक्के जड़े थे।