कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव को लेकर हर हर तरफ सरगर्मी है। इसी सिलसिले में बातों और मुलाकातों का दौर भी जारी है। इसी को लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और मुकुल वासनिक के बीच मुलाकात हुई। दोनों के बीच बातचीत लगभग 40 मिनट तक चली। वहीं एमपी के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी पूर्व गृह मंत्री पी चिदंबरम से मुलाक़ात की।
राजस्थान कांग्रेस के संकट के बीच कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव को लेकर और भी ज़्यादा असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है। पार्टी में में जारी घमासान के बीच कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल जनपथ पर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने पहुंचे। इससे पहले भी सोनिया गांधी से उन्होंने उनके निवास पर मुलाकात की थी।
वहीं नामांकन दाखिल करने के लिए आखिरी तारीख 30 सितंबर रखी गई है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे अशोक गहलोत ने अब तक उम्मीदवारी को लेकर रास्ता साफ नहीं किया है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 24 सितंबर से आरम्भ हुई है, ये 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 8 अक्तूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्तूबर को मतदान होगा और 19 अक्तूबर को परिणाम की घोषणा की जाएगी।