भोपाल: राज्य के जल संसाधन विभाग ने प्रतिनियुक्ति पर मप्र ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण के नरसिंहपुर में पदस्थ सहायक प्रबंधक (मूलत: उपयंत्री) कमलेश कुमार जैन का निलम्बन खत्म कर दिया है। इस अधिकारी को 3 जुलाई 2019 को निलंबित किया गया था और उस पर आरोप था कि नरसिंहपुर में करप गांव से टिकटोली, पहुंच मार्ग से खड़ई एवं शहपुर से खड़ई मार्ग पर निर्मित पुल के संधारण कार्यों में गंभीर लापरवाही एवं वित्तीय अनियमिततायें की।
26 जुलाई 2019 को इस सहायक प्रबंधक के खिलाफ आरोप-पत्र जारी किये गये। आरोप-पत्र में कहा गया कि इस सहायक प्रबंधक ने मार्ग संधारण को गुड बताया था परन्तु जांच में वह पूअर थी। इसी प्रकार, पुल भी पूअर श्रेणी का पाया गया। आरोप-पत्र पर उक्त अधिकारी का जवाब संतोषजनक नहीं पाये जाने पर उसके खिलाफ 10 दिसम्बर 2019 को विभागीय जांच बैठाई गई।
विभागीय जांच प्रतिवेदन में मुख्य महाप्रबंधक जबलपुर वीएस चंदेल एवं महाप्रबंधक नरसिंहपुर वीपी टेटवाल ने कहा कि उल्लेखित कमियां सामान्य प्रकृति की हैं और किसी प्रकार की वित्तीय हानि नहीं हुई है। इस आधार पर उक्त सहायक प्रबंधक कमलेश कुमार जैन की निलम्बन अवधि 3 जुलाई 2019 से 31 नवम्बर 2019 को कर्तव्य अवधि मान लिया गया और निलम्बन खत्म कर दिया गया। यह सहायक प्रबंधक अब सेवानिवृत्त है।