भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच T-20 सीरीज़ का आखिरी मुकाबला इंदौर के होलकर स्टेडियम में मंगलवार को खेला जाएगा। मुकाबले को लेकर दर्शकों में बेहद उत्साह है। मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा जिसके लिए स्टेडियम में प्रवेश शाम 4 बजे से दिया जाएगा।
मैच को लेकर दर्शकों के लिए गाइड लाइन भी जारी की गई है इसके मुताबिक़ स्टेडियम में प्रवेश के बाद दर्शक मैच समाप्त होने के बाद ही बाहर आ सकेंगे। और अगर कोई दर्शक बीच में बाहर आता है तो उसे दोबारा प्रवेश नहीं मिलेगा।
स्टेडियम में रेडियो, शीशे, ट्रांजिस्टर, बोतल, इंजेक्शन, चाकू, हथियार, शराब, नशीले पदार्थ, कैमरा, हैंड बैग, माचिस, सिगरेट, टिफिन, पाॅवर बैंक, हेलमेट, पटाखे, ज्वलनशील पदार्थ, लैपटॉप, डिब्बे, बड़े लेडीज बैग और सेल्फी स्टिक ले जाना प्रतिबंधित है।
दर्शकों को खाने-पीने की सामग्री भी स्टेडियम में ही मिलेगी, मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में स्टेडियम में ही प्राथमिक इलाज मिल सकेगा। मुकाबले के लिए दो हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी और निजी सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
दूसरी ओर भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इंदौर में होने वाले तीसरे और अंतिम टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच से आराम दिया गया है। विराट कोहली के न खेलने की खबर से फैन्स में मायूसी का आलम है।
होलकर स्टेडियम में पिछली बार सात जनवरी, 2020 को भारत बनाम श्रीलंका का मैच खेला गया था। अब ढाई साल से ज्यादा समय के बाद इंदौर और आसपास के क्रिकेट प्रेमियों को स्टेडियम में बैठ कर मैच देखने का मौका मिलेगा।