अफगानिस्तान के तालिबान शासकों ने देश की महिलाओं के लिए विश्वविद्यालय शिक्षा पर अनिश्चितकालीन प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है। उच्च शिक्षा मंत्रालय ने सभी सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों को जारी एक पत्र में इस बात की जानकारी दी है।
जी हां तालिबान के उच्च शिक्षा मंत्रालय ने अफ़ग़ानिस्तान में महिलाओं के लिए विश्वविद्यालय शिक्षा पर अनिश्चितकालीन प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी कर दिया है, महिलाओं के अधिकारों और स्वतंत्रता पर चोट करते हुए तालिबान ने ये कदम उठाया है।
शुरू में महिलाओं और अल्पसंख्यकों के अधिकारों का सम्मान करने वाले अधिक उदार शासन का वादा करने के बावजूद, तालिबान ने पिछले साल देश पर नियंत्रण हासिल कर लिया था। इसके बाद से यहां पर तालिबान की ओर से सख़्त इस्लामी कानून व्यापक रूप से लागू किया गया है।
उन्होंने मिडिल स्कूल और हाई स्कूल में लड़कियों के पढ़ने पर प्रतिबंध लगा दिया, महिलाओं को अधिकांश रोजगार करने से भी प्रतिबंधित कर दिया है और उन्हें सार्वजनिक रूप से सिर से पैर तक कपड़ों से ढ़ंके रहने का भी आदेश दिया है।
महिलाओं के पार्क और जिम जाने पर भी पाबंदी लगा दी गई है और उन्हें बिना पुरुष रिश्तेदार के साथ के यात्रा करने से भी रोक दिया गया। उच्च शिक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता द्वारा पुष्टि किए गए एक पत्र में कैबिनेट के फैसले के अनुसार अफगान सार्वजनिक और निजी विश्वविद्यालयों को तुरंत महिला छात्रों तक पहुंच निलंबित करने का निर्देश दिया गया।