जम्मू-कश्मीर में टारगेट किलिंग के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। यहां आतंकी लगातार हिंदुओं को निशाना बना रहे हैं। कुलगाम में गुरुवार को आतंकियों ने एक बैंक मैनेजर पर फायरिंग कर दी। हमले में बैंक मैनेजर विजय कुमार की मौत हो गई। पता चला है कि विजय कुमार राजस्थान के रहने वाले थे। इससे पहले कुलगाम में आतंकियों ने एक हिंदू महिला शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

बताया जाता है कि विजय कुमार कुलगाम के मोहनपोरा स्थित स्थानीय ग्रामीण बैंक में जॉब पर थे। बैंक के अंदर आतंकियों ने उन पर फायरिंग कर दी, बाद में उनकी मृत्यु हो गई। वह राजस्थान के हनुमानगढ़ के रहने वाले थे। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

सरकारी कर्मचारियों को निशाना बना रहे हैं आतंकी-

घाटी में आतंकी लगातार हिंदू नागरिकों और सरकारी कर्मचारियों को निशाना बना रहे हैं। हाल ही में, बडगाम में कश्मीरी पंडित राहुल भट्ट की हत्या और कुलगाम में एक शिक्षक की हत्या के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे। कश्मीरी पंडितों ने मांग की कि सभी प्रवासी सरकारी कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर तैनात किया जाए।

घाटी में हत्याएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं-

31 मई, 2022: कुलगाम के गोपालपोरा में आतंकवादियों ने एक हिंदू शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी।

25 मई 2022: कश्मीरी टीवी स्टार अमीरा भट्ट की गोली मारकर हत्या।

24 मई 2022: आतंकवादियों ने एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। हमले में 7 साल की बच्ची घायल हो गई।

17 मई, 2022 - बारामूला में एक शराब की दुकान पर आतंकवादियों ने ग्रेनेड फेंका, हमले में रणजीत सिंह की मौत हो गई थी। हादसे में तीन लोग घायल हुए थे।

12 मई 2022 - कश्मीरी पंडित राहुल भट्ट की बडगाम में गोली मारकर हत्या। आतंकियों ने उनके ऑफिस में घुसकर फायरिंग की थी।

12 मई 2022 - पुलवामा में पुलिसकर्मी रियाज अहमद ठाकोर की गोली मारकर हत्या।

9 मई 2022 - शोपियां में हुए आतंकी हमले में एक नागरिक की मौत, एक युवक समेत दो घायल हो गए।

2 मार्च 2022 - संधू, कुलगाम में आतंकवादियों ने एक पंचायत सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी।