जम्मू-कश्मीर के राजौरी में नवरात्रि के दौरान सिर पर तिलक लगाकर स्कूल पहुंची छात्रा को शिक्षक ने पीटा। घटना की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों ने शिक्षक को निलंबित कर दिया। घटना की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में रहने वाले एक हिंदू परिवार ने आरोप लगाया है कि तिलक लगाकर स्कूल पहुंचने पर उनकी बेटी को एक शिक्षक ने पीटा, साथ ही उसे क्लास से बाहर निकाल दिया।
आरोपी शिक्षक की पहचान निसार अहमद के रूप में हुई है। जब राजौरी जिले के उपायुक्त को घटना की जानकारी दी गई तो उन्होंने शिक्षक को निलंबित करने का आदेश दिया। साथ ही उन्होंने घटना की जांच के आदेश भी दिए।
राजौरी के सीनियर एसपी मोहम्मद असलम चौधरी ने भी कहा कि सोशल मीडिया की मदद से इस घटना का पता चला। लेकिन कुछ समय बाद पुलिस को शिकायत मिली कि एक नाबालिग लड़की को स्कूल में पीटा गया। शिक्षक ने लड़की के खिलाफ कुछ आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया। घटना की जांच की जा रही है।