स्कूलों में शिक्षकों द्वारा छात्रों की पिटाई आम बात है, लेकिन झारखंड के दुमका में इससे उलट छात्र शिक्षकों के लिए आफ़त बन गए। नौवीं कक्षा के छात्रों ने शिक्षकों को पेड़ से बांधकर उनकी पिटाई कर दी।

क्या है पूरा मामला-

दुमका के सरकारी स्कूल के एक शिक्षक पर आरोप है कि उसने जानबूझकर नौवीं कक्षा के छात्रों को प्रैक्टिकल परीक्षा में कम अंक दिए, जिससे वे फेल हो गए। इससे नाराज छात्रों ने बदला लेने का फैसला किया और शिक्षक, क्लर्क और चपरासी को सबक सिखाने की योजना बनाई। जिसके अनुसार सभी छात्रों ने मिलकर तीनों को पकड़ लिया और पेड़ से बांध दिया, जिसके बाद सभी छात्रों ने बारी-बारी से उनकी पिटाई कर दी। छात्रों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

फेल होने पर शिक्षक को किया दंडित-

दरअसल, झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने हाल ही में कक्षा 9 का रिजल्ट घोषित किया था। पुलिस ने बताया कि दुमका के गोपीकंदर आवासीय विद्यालय में कक्षा 9 के 32 छात्रों में से 11 को डी ग्रेड मिला, जिसे फेल माना जाता है। खराब अंक से नाराज छात्रों ने स्कूल के शिक्षक कुमार सुमन, क्लर्क सोनेराम चौडे और चपरासी अचन्तु मल्लिक को स्कूल परिसर में एक आम के पेड़ से बांध दिया और उनकी पिटाई कर दी।

जानकारी के अनुसार, शिक्षक पर नंबर कम देने, तो वही क्लर्क पर वेबसाइट में नंबर कम अपलोड करने और चपरासी पर प्रैक्टिकल एग्जाम के नंबर नहीं दिखाने का आरोप लगाते हुए, उनकी पिटाई की गई। फ़िलहाल मामला स्कूल से निकलकर अब थाने पंहुच चुका है।