भोपाल,
पुरानी पेंशन बहाली, अनुकंपा नियुक्ति और क्रमोन्नति को मांग को लेकर एक बार फिर शिक्षक संगठन सक्रिय हो गए हैं। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर 1 मई को आजाद अध्यापक शिक्षक संघ ने भोपाल में बड़े महासम्मेलन की की घोषणा की है। इसको लेकर तैयारियां भी जोर शोर से चल रही हैं। इस महासम्मेलन में प्रदेशभर के लाखों शिक्षकों के जुटने की संभावना है। इसके साथ ही इस महासम्मेलन में संघ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को आमंत्रित किया है। राजधानी में जुटने से पहले शिक्षक विदिशा स्थित श्रीगणेश मंदिर पहुंचे और यहां ध्वज यात्रा लेकर करीब चार दिन में भोपाल पहुंचे। इसके लिए संघ ने भोपाल कलेक्टर, पुलिस आयुक्त के कार्यालय में अनुमति का आवेदन लगा दिया है।
पहले मनोकामना यात्रा की थी तैयारी
इसके पहले शिक्षकों ने मनोकामना यात्रा निकालने की तैयारी की थी, लेकिन शासन प्रशासन ने इसे रुकवा दिया था। जिसके बाद अब एक फिर अध्यापक शिक्षक संघ के बैनर तले लाखों शिक्षक विदिशा से भोपाल तक ध्वज यात्रा निकालने जा रहे है।
विदिशा के गणेश मंदिर से निकालेंगे ध्वज यात्रा, कहा- सीएम को है यहां पर विश्वास
इधर आमरण अनशन पर डटे ओबीसी उम्मीदवार
तीन साल से नियुक्ति का इंतजार कर रहे ओबीसी उम्मीदवार अपनी मांग को लेकर करीब एक माह से भोपाल में डटे हुए हैं। वह लोक शिक्षण संचालनालय के सामने नियुक्ति की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। ओबीसी उम्मीदवारों का कहना है कि शासन की ओर से कोई भी अधिकारी उनकी समस्याओं को सुनने नहीं आ रहा है। तेज धूप में भी वे विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उनका हौंसला कम नहीं हुआ है।