दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन में ऐतिहासिक जीत का टीम इंडिया को WTC यानी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में बड़ा फायदा मिला है। टीम इंडिया अफ्रीका के खिलाफ सीरीज ड्रॉ करने के बाद WTC पॉइंट्स टेबल में पहले नंबर पर पहुंच गई है।

WTC के  नए चरण में भारत ने अब तक वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका का दौरा किया है। दोनों ही देशों में भारत ने 2-2 टेस्ट खेले है। भारत को वेस्टइंडीज में एक जीत मिली और एक मैच ड्रॉ रहा। वहीं दक्षिण अफ्रीका में टीम को 1 जीत और 1 हार मिली है।

WTC पॉइंट्स टेबल में अभी नंबर दो पर दक्षिण अफ्रीका और न्यूज़ीलैंड हैं। हालांकि दोनों ही टीमों ने टीम इंडिया के मुकाबले आधे ही मुकाबले खेले हैं। टीम इंडिया अब तक चार मुकाबले खेल चुकी है वहीं इन दोनों टीमों ने अभी दो-दो मुकाबले ही खेले हैं।

दक्षिण अफ्रीका से पहले मुकाबले में हार झेलने के बाद टीम इंडिया दूसरे टेस्ट में जोरदार वापसी कर 7 विकेट से जीत दर्ज की थी। इसके साथ ही भारत ने दो टेस्ट मैचों की सीरीज को ड्रा कराने में सफलता हासिल कर ली। केपटाउन के न्यूलैंड्स ग्राउंड पर भारत ने पहली बार कोई टेस्ट मैच जीता है।

यह केपटाउन में सिर्फ भारत की नहीं, बल्कि किसी भी एशियाई टीम की पहली जीत है। पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश अब तक यहां नहीं जीत पाया। वहीं दक्षिण अफ्रीका में भारत की यह पांचवीं टेस्ट जीत है। उसे पहली बार 2006 में जीत मिली थी।

मुकाबले की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पहली पारी में दक्षिण अफ्रीका की टीम 55 रन पर ही सिमट गई थी। उसके बाद भारत 153 रन पर ऑलआउट हो गया था। दोनों टीमों की पहली पारी मैच के पहले दिन ही समाप्त हो गई थी।

मुकाबले के दूसरे दिन मेजबानों ने दूसरी पारी में 173 रन बनाए। इस तरह भारत को 79 रन का लक्ष्य मिला। टीम इंडिया ने तीन विकेट के नुकसान पर इसे हासिल कर लिया और टेस्ट जीतकर सीरीज़ भी ड्रा करा ली। भारत के लिए मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह जीत के हीरो रहे। सिराज ने पहली पारी में सिर्फ 16 रन देकर 6 विकेट झटके। इसके बाद दूसरी पारी में जसप्रीत बुमराह दक्षिण अफ्रीकी टीम पर कहर बनकर टूटे। बुमराह ने 61 रन देकर छह बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया था।