टीम इंडिया ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 में लगातार दसवां मुकाबला जीतते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया। मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 70 रनों से हरा दिया।

टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में चार विकेट खोकर 397 रन बनाए और फिर न्यूजीलैंड को 327 रनों पर रोक कर फाइनल मुकाबले में स्थान बनाया। टीम इंडिया का फाइनल मुकाबला दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरे सेमीफाइनल के विजेता के साथ होगा।

टीम इंडिया के लिए विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ने शतकीय पारी खेली। शुभमन गिल ने भी तेजतर्रार 80 रन बनाये। वहीं रोहित शर्मा ने टीम इंडिया को तूफानी शुरुआत दिलाते हुए 47 रन बनाए।

जवाबी पारी खेलते हुए न्यूजीलैंड की  शुरूआत अच्छी नहीं रही। पहले दस ओवर में ही उसके दो विकेट गिर गए लेकिन इसके बाद कप्तान केन विलियमसन और डैरल मिचेल की साझेदारी ने टीम को मुकाबले में ला दिया लेकिन मोहम्मद शमी ने एक ही ओवर में विलियमसन के साथ टाॅम लैथम को आउट कर टीम इंडिया की जीत की राह सुनिश्चित कर दी।

डैरल मिचेल ने एक सिरे पर डट कर खेलते हुए 134 रन बनाए लेकिन विलियमसन (69) के अलावा  किसी और बल्लेबा से उन्हें सपोर्ट नहीं मिल सका। टीम इंडिया के लिए मोहम्मद  शमी ने 7 विकेट झटके।  

इस मैच में विराट कोहली ने शानदार शतकीय पारी खेली। इस पारी के साथ ही विराट ने सचिन तेंदुलकर के दो रिकॉर्ड को एक साथ तोड़ दिया। विराट ने 80 रन बनाते ही सचिन के 20 साल पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। सचिन ने साल 2003 में विश्व कप के दौरान 11 मैचों में 673 रन बनाए थे। विराट 80 रन बनाने के साथ ही सचिन से आगे निकल गए। 

इसके अलावा विराट कोहली ने शतक पूरा करने के साथ ही वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में भी सचिन को पीछे छोड़ दिया। विराट अब वनडे में 50 शतक लगाने वाले दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी बन गए हैं। विराट 117 रनों की बेमिसाल पारी खेलकर आउट हुए।