T-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया अपने मिशन का आगाज चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। यह महामुकाबला 23 अक्टूबर को खेला जाएगा। मुकाबले के लिए टीम इंडिया मेलबर्न पहुंच गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम के मेलबर्न पहुँचने का वीडियो शेयर किया है। 

इससे पहले भारत और पाकिस्तान दोनों ही टीमों के आखिरी वार्म अप मुकाबले बारिश की भेंट चढ़ गए थे। बारिश के कारण भारत और न्यूजीलैंड के बीच ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर बुधवार को खेला जाने वाला मैच रदद कर दिया गया है। वहीं पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच वॉर्म अप मैच भी पूरा नहीं हो सका था।

हालाँकि इस मुकाबले में एक पारी हो चुकी थी। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 154 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान ने बिना विकेट लिए 19 रन बना लिए फिर तेज बारिश शुरू हो गई जिसकी वजह से मैच को रद्द करना पड़ा था।

पाकिस्तान को फिर भी गेंदबाजी करने का मौका मिला और शाहीन अफरीदी ने 2 विकेट लेकर अपनी पूरी फिटनेस साबित कर दी। लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच के जरिए भारत को आखिरी बार अपनी तैयारियों को परखने का मौका नहीं मिल सका।

अब भारत और पाकिस्तान सीधे मेलबर्न में ही आमने-सामने होंगे। चिंता की बात यह है कि सुपर-12 के शुरुआती मैचों के भी बारिश में धुल जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है।ऑस्ट्रेलिया के मौसम विभाग ने सुपर-12 दौर के कुछ मैचों के दौरान मौसम के ख़राब रहने की ओर इशारा किया है। 

इस बात की प्रबल संभावना है कि टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-12 दौर के मैच बारिश के कारण बाधित हो सकते हैं। इनमें सिडनी में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच पहला सुपर-12 मैच और 23 अक्टूबर को मेलबर्न में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मैच शामिल है।