आईसीसी की ताजा टी20 रैंकिंग में भारतीय टीम शीर्ष पर बनी हुई है। भारत के पास 268 रेटिंग प्वाइंट है और वह दूसरे स्थान पर मौजूद इंग्लैंड से तीन अंक आगे हैं, जिनके पास 265 रेटिंग प्वाइंट है। इंग्लैंड की टीम ने टी20 विश्व कप अपने नाम किया है।

वहीं, फाइनल में इंग्लैंड से हारने वाला पाकिस्तान तीसरे स्थान पर है। पाकिस्तान के पास 258 रेटिंग प्वाइंट हैं। भारतीय टीम शुक्रवार से न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। यहां जीत हासिल कर भारत के पास पहले पायदान पर अपनी स्थिति मजबूत करने का मौका होगा।

टी20 विश्व कप की शुरुआत से पहले भारतीय टीम इंग्लैंड से पांच अंक आगे थी। भारत के पास 268 रेटिंग प्वाइंट थे। वहीं, इंग्लैंड के पास 263 प्वाइंट थे। इसके बाद रोहित शर्मा की टीम ने ग्रुप स्टेज में अपने पांच मैचों में से चार में जीत हासिल की, जबकि इंग्लैंड केवल तीन मैच ही जीत सका। सेमीफाइनल मुकाबले से पहले दोनों टीमों के बीच छह अंक का अंतर हो गया।

सेमीफाइनल में, जोस बटलर की टीम ने एकतरफा मुकाबले में भारत को 10 विकेट से हरा दिया और इसके बाद एमसीजी में पाकिस्तान पर रोमांचक जीत हासिल कर टी20 विश्व कप अपने नाम किया। अब भारत 268 अंकों के साथ शीर्ष पर है जबकि इंग्लैंड के पास 265 अंक हैं। पाकिस्तान 258 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। दक्षिण अफ्रीका (256) चौथे, न्यूजीलैंड (253) पांचवें और ऑस्ट्रेलिया (252) छठे स्थान पर है।

अगले टी-20 विश्व कप का पांड्या ने बताया रोडमैप

वेलिंगटन। न्यूजीलैंड दौरे पर भारत के टी-20 कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा कि 2024 विश्व कप का रोडमैप शुरू हो चुका है और आने वाले समय में कई खिलाड़ियों को टीम में दावा पुख्ता करने का मौका दिया जाएगा। अगले टी-20 विश्व कप में अभी दो साल का समय है। इस दौरान काफी क्रिकेट खेली जाएगी और कई खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा।

मालूम हो कि अगला टी-20 विश्व कप 2024 में वेस्टइंडीज और अमेरिका में खेला जाएगा । ऐसी संभावना है कि अगले दो साल में भारतीय टीम में काफी बदलाव होंगे और विराट कोहली तथा रोहित शर्मा जैसे कई सीनियर खिलाड़ियों की विदाई हो सकती है।