ऑस्ट्रेलिया को नागपुर में एक पारी और 132 रनों से हराने के बाद भारतीय टीम अब ICC टेस्ट रैंकिंग में भी पहले पायदान पर पहुंच गई है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का पहला टेस्ट मैच जीतने के बाद टीम इंडिया ने अब टेस्ट रैंकिंग में भी शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। ICC द्वारा जारी ताजा टेस्ट रैंकिंग में जहां टीम इंडिया 115 अंकों के साथ पहले स्थान पर पहुंच गई है, वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम अब 111 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गई है।
इसी के साथ अब भारतीय टीम क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट की रैंकिंग में नंबर-1 टीम बन गई है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम टेस्ट रैंकिंग में दूसरे स्थान पर थी जबकि कंगारुओं की टीम पहले स्थान पर थी। टीम को नागपुर में टेस्ट रैंकिंग में एकतरफा जीत से भी फायदा हुआ और टीम इंडिया सभी फॉर्मेट में विश्व क्रिकेट में नंबर 1 टीम बन गई है।
भारतीय क्रिकेट के इतिहास में पहली बार टीम इंडिया क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में नंबर-1 की पोजिशन हासिल करने में कामयाब हुई है। नागपुर टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम के 126 अंक हो गए थे, जिसके बाद हार के बाद उसके 111 अंक रह गए।
इसके साथ ही भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। जिसमें अगर वह इस टेस्ट सीरीज के बाकी बचे 3 मैचों में से 2 में जीत हासिल कर लेती है तो टीम फाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी।
नागपुर टेस्ट मैच में रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा की रोमांचक स्पिन जोड़ी साफ नजर आई, इन दोनों ने मैच में कुल 15 विकेट लिए। अब अश्विन 846 रेटिंग अंकों के साथ नवीनतम आईसीसी टेस्ट बॉलिंग रैंकिंग में चौथे से सीधे दूसरे स्थान पर आ गए हैं। वहीं, पहले नंबर के ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस से उनका अंतर 21 रेटिंग अंक का हो गया है।