टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा टी20 वर्ल्ड कप मैच से पहले फॉर्म हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। दूसरे अभ्यास मैच के तुरंत बाद टीम इंडिया एक अन्य मुक़ाबले में न्यूजीलैंड से भिड़ेगी। सुपर-12 से पहले दोनों टीमों का ये आखिरी मैच है। ऐसे में दोनों टीमों के लिए तैयारी का ये आखिरी मौका भी है।
कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली अब तक ऑस्ट्रेलिया में कोई खास परफॉरमेंस नहीं दे पाए हैं। इन दोनों पर ही टीम की बल्लेबाजी की कमान संभालने का ज़िम्मा है। टीम इंडिया अपना पहला मैच 23 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। टीम में केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव अच्छी फॉर्म में हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ वॉर्म अप मैच में रोहित शर्मा केवल 14 रन ही बना सके थे। अलावा इसके वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए वॉर्म अप मैच में रोहित ने केवल 3 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विराट कोहली ने 19 रन बनाए। वे वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किसी भी मैच में नहीं दिखे। ऐसे में दोनों खिलाड़ी अपनी फॉर्म को पाने की कोशिश में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेंगे। हालांकि, कोहली ऑस्ट्रेलिया में टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
केएल राहुल ने दौरे की शानदार शुरुआत की है। वह अब तक 2 मैचों में नजर आए हैं और दोनों में ही राहुल ने अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 55 गेंदों में 74 रन बनाए। उन्होंने 9 चौके और 2 छक्के लगाए। हालांकि इस मैच में टीम को हार का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 33 गेंदों में 57 रन बनाए, उन्होंने 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से ये रन बनाे थे।
वहीं सूर्यकुमार यादव ने पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 35 गेंदों में 52 रनों की आक्रामक पारी खेली थी। जिसमें उन्होंने 3 चौके और 3 छक्के लगाए थे। दूसरे मैच में 33 गेंदों में 50 रन का स्कोर बनाया था। वह इस समय टीम इंडिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज हैं। कई विशेषज्ञ उन्हें मौजूदा वर्ल्ड कप का सबसे अहम खिलाड़ी मानते हैं। दिनेश कार्तिक भी बतौर विकेटकीपर अपनी पहचान बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेंगे।