रेनो ने अपनी नई कॉम्पैक्ट एसयूवी कार्डियन को ग्लोबल मार्केट में अनवील कर दिया है। कार 13 से ज्यादा एडवांस ड्राइविंग असिस्टेंस सिस्टम वाले सेफ्टी फीचर्स के साथ आएगी। कंपनी कार को सबसे पहले ब्राजील में सेल करेगी, इसके बाद अन्य देशों में बेचा जाएगा। रेनो कार्डियन कंपनी की काइगर के बाद सबसे छोटी एसयूवी है। ये कार फिएट की पल्स जैसी छोटी एसयूवी को टक्कर देगी। भारत में इसका मुकाबला निसान मेग्नाइट और टाटा पंच से रहेगा ।

कार्डियन को कंपनी की ग्लोबल मार्केट में मौजूद एसयूवी सैंडेरो स्टेपवे के प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। इसका बॉडी पैनल, इंजन और डिजाइन एलिमेंट्स भी सैंडेरो से लिए गए हैं। कार्डियन के एक्सटीरियर डिजाइन की बात करें तो कार में एक डबल-लेयर ग्रिल, एक लंबा बम्पर और एक फॉक्स ब्रश एल्यूमीनियम स्किड प्लेट दी गई है। इसके अलावा फ्रंट में प्रोजेक्टर हेडलैंप देखने को मिलते हैं। कार की साइड प्रोफाइल में एक कूप - एसयूवी जैसा बॉडीशेल है, इसका ग्राउंड क्लीयरेंस सैंडेरो से ज्यादा है और इसके मजबूत एसयूवी लुक को जोड़ने के लिए व्हील आर्च और रनिंग बोर्ड पर बॉडी क्लैडिंग दी गई है।