सागर के पास बड़तूमा में 100 करोड़ रूपए की लागत से संत रविदास का विशाल और भव्य मंदिर बनाया जाएगा। मंदिर की दीवारों पर संत रविदास के दोहे और शिक्षाएँ उकेरी जाएंगी। मंदिर परिसर में संत रविदास के व्यक्तित्व और कृतित्व को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को यह सागर में आयोजित संत रविदास महाकुंभ में की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में संत शिरोमणि रविदास महाराज के आदर्श राज्य की कल्पना चरितार्थ हुई है। संत रविदास ने कहा था कि "ऐसा चाहूँ राज मैं, जहाँ मिले सबन को अन्न, छोट-बड़ो सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न।" उनके बताये हुए इसी मार्ग पर हम चल रहे हैं।
लाड़ली बहना योजना के जानकारी देते हुए CM शिवराज ने कहा कि बेटियों के लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना के बाद अब बहनों के लिए लाडली बहना योजना प्रारंभ की गई है, जिसमें गरीब एवं मध्यम वर्ग की बहनों को एक हजार रूपये दिये जायेंगे। प्रदेश में सबके लिए भोजन, पढ़ाई, लिखाई, दवाई, मकान, रोजगार सुनिश्चित किया जा रहा है। प्रदेश में जात-पांत नहीं है, कोई छोटा-बड़ा नहीं है, सब समान है, सबको समान अवसर है और सभी का बराबर सम्मान हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज ने 251 करोड़ 25 लाख रूपए लागत की शाहगढ़-बंडा समूह जल-प्रदाय योजना का भूमि-पूजन किया। उन्होंने सरपंचों को कलश भेंट कर कलश-यात्रा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री शिवराज ने समारोह स्थल पर संत रविदास और ‘‘एक जिला-एक उत्पाद’’ पर केंद्रित प्रदर्शनी का शुभारंभ और अवलोकन भी किया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सत्य नारायण जटिया ने कहा कि संत रविदास महाकुंभ मध्यप्रदेश शासन द्वारा की गई अच्छी शुरुआत है। प्रदेश में समाज के उत्थान का एक नया वातावरण बना है, जो प्रदेश और देश को विकास की ओर ले जाएगा।
सांसद वी. डी. शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज चौहान के निरंतर प्रयासों से मध्यप्रदेश में सामाजिक समरसता पर आधारित समतामूलक समाज का निर्माण हो रहा है। संत रविदास महाकुंभ इसी का एक सशक्त प्रयास है। प्रदेश में संत रविदास की अवधारणा के अनुरूप राज व्यवस्था है।
अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि प्रदेश मंत्री-मंडल में अनुसूचित जाति वर्ग को पर्याप्त प्रतिनिधित्व और अहम विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संत रविदास महाकुंभ मनाने की गौरवशाली शुरूआत की थी, जो निरंतर जारी है। उन्होंने सभी वर्गों के कल्याण के साथ ही अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए भी अनेक योजनाएँ संचालित की हैं। अनुसूचित जाति वर्ग की शिक्षा और रोजगार पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने कन्याओं का पूजन किया और संत रविदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आरती की। मुख्यमंत्री का स्थानीय महिलाओं ने लाडली बहना योजना शुरू करने के लिए आभार माना और अभिनंदन किया। स्वागत भाषण विधायक प्रदीप लारिया ने दिया। जनजातीय कार्य, अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री सुश्री मीना सिंह ने आभार माना। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह, वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री जगदीश देवड़ा, राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, जल संसाधन और मछुआ कल्याण एवं मत्स्य-विकास मंत्री तुलसीराम सिलावट, लोक निर्माण और कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री गोपाल भार्गव, सहकारिता एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री अरविंद भदौरिया, सांसद राजबहादुर सहित 200 से अधिक संत और बड़ी संख्या में जन-सामान्य उपस्थित थे।