भोपाल: राज्य सरकार ने फिर से अपने बीस साल से भी ज्यादा पुराने बेल हेलीकाप्टर और उसके स्पेयर पाट्र्स के विक्रय के लिये टेण्डर जारी किया है। इसकी आफसेट प्राईस 2 करोड़ 24 लाख रुपये रखी गई है ।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले गत मई माह में इस हेलीकाप्टर व उसके स्पेयर पाट्र्स के विक्रय हेतु पहला टेण्डर जारी किया गया था। इसमें दो बोलीदारों यथा एफए इन्टरप्राईजेज भोपाल ने 2 करोड़ 57 लाख रुपये तथा मुम्बई की एयर चार्टर कंपनी ने 2 करोड़ 26 लाख रुपये की दर दी थी।

एफए इंटरप्राईजेज की दर अधिक होने से उसके पक्ष में टेण्डर अवार्ड कर दिया गया था, परन्तु उसने इसे क्रय करने में रुचि नहीं दिखाई तथा एयर चार्टर कंपनी ने भी लिख कर दे दिया कि वह भी इसे क्रय नहीं करना चाहती है। इस पर एफए इंटरप्राईजेज की ढाई लाख रुपये की धरोहर राशि राजसात कर ली गई थी।

उल्लेखनीय है कि उक्त राजकीय हेलीकाप्टर को वर्ष 2016 से बेचने के प्रयास हो रहे थे। यह लम्बे समय से ग्राउण्ड पड़ा हुआ है यानि हवाई सेवा के लिये उपयुक्त नहीं है तथा भोपाल के स्टेट हैंगर में पड़ा हुआ है। यह वही हेलीकाप्टर है जिसमें वर्ष 2003 को यात्रा करते समय प्रख्यात गायिका अनुराधा पोड़वाल दुर्घटनाग्रस्त हो गई थीं।

उक्त हेलीकाप्टर को यथास्थिति में बेचने के लिये पहले छह बार टेण्डर जारी हो चुके हैं। पहले इसकी आफसेट प्राईज 10 करोड़ रुपये रखी गई थी। कीमत ज्यादा रखने के कारण छह बार में भी कोई खरीददार सामने नहीं आया। मई 2022 में सातवीं बार निकाले गये टेण्डर में इस हेलीकाप्टर की आफसेट प्राईज 2 करोड़ 24 लाख रुपये रखी गई थी तथा आठवीं बार के नये टेण्डर में भी आफसेट प्राईज यही रखी गई है।