महाराष्ट्र के पालघर जिले के दहानू इलाके में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर कार और बस की टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. कार गुजरात से मुंबई जा रही थी, जो अनियंत्रित होकर बस से टकरा गई. हादसे पर पालघर पुलिस ने यह जानकारी दी है.

हादसे की जानकारी मिलते ही पालघर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. हादसा पालघर जिले के दहानू इलाके में मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर हुआ.

पहले भी हुआ था हादसा-

कुछ दिनों पहले ही पालघर जिले के कासा थाना क्षेत्र में एक कार और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हुई थी. इस हादसे में एक बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. मृतक मुंबई के नाला सोपारा के रहने वाले थे.

वहीं, महाराष्ट्र में मुंबई-गोवा एनएच पर मान गांव इलाके में 19 जनवरी को भीषण हादसा हो गया. जिसमें 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी. मृतकों में 4 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल थे. साथ ही चार वर्षीय मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी. यह हादसा ट्रक और कार की आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ था.