प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आज मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि, भोपाल से पकड़े JMB संदिग्धों के तार कोलकाता से जुड़ रहे हैं। इसकी जांच के लिए पुलिस आज ही कोलकाता रवाना हो रही है। संदिग्धों के पास एक वीडियो और मिला है जिसमें पेट्रोल बम बनाने की विधि है। संदिग्धों को फंडिंग व दूसरी सहायता पहुंचा रहे दो और स्थानीय लोगों की भी जांच की जा रही है।

गृह मंत्री ने कहा, साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए प्रदेश की साइबर सेल पूरी तरह सक्रिय है। नए उपकरण हो या नए अपराध, प्रदेश में प्रत्येक नई साइबर गतिविधि का बारीकी से निरीक्षण किया जाता है।

मध्यप्रदेश का पूरा मंत्रिमंडल आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ द कश्मीर फाइल्स फिल्म देखने जाएगा। मेरी कमलनाथ से प्रार्थना है कि वे भी अपने साथी विधायकगणों के साथ यह फिल्म अवश्य देखें और सच से साक्षात्कार करें। उन्होंने कहा- मैं प्रतिवर्ष की तरह वैष्णोदेवी मंदिर प्रवास पर रहूंगा और जम्मू में कश्मीरी नागरिकों के साथ फिल्म देखूंगा।

उन्होंने कहा- घर-घर चलो अभियान चला रही कांग्रेस पांच राज्यों में सकुशल घर पहुंच गई है। इस अभियान को विस्तार देने पर जिन दो राज्यों में उसकी सरकार बची हैं, वो भी घर पहुंच जाएंगी।

 

गृह मंत्री ने कहा, पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में हार के बाद गांधी परिवार को प्रदेश अध्यक्षों से इस्तीफा मांगने के बजाय दिग्विजय सिंह से प्रेरणा लेकर उनका अनुकरण करना चाहिए।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 29 नए मामले आए हैं, जबकि 91 लोग स्वस्थ हुए हैं। वर्तमान में प्रदेश में कुल एक्टिव केस 536, संक्रमण दर 0.12% और रिकवरी रेट 98.60% है। प्रदेश में कल कोरोना के 25,124 सेंपल लिए गए।