महाराष्ट्र में टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (TET) का पेपर लीक हो गया है, लीक हुआ पेपर ठाणे में मिला। परीक्षा रविवार को होनी थी, यानी लीक परीक्षा से ठीक 24 घंटे पहले हुआ।लीक के बाद राज्य सरकार ने परीक्षा टाल दी और जल्द ही नई तारीख का ऐलान किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, भिवंडी पुलिस को लीक के बारे में जानकारी मिली और उन्होंने ठाणे में छापेमारी की, जहां कुछ लोगों के पास सीलबंद TET 2026 प्रश्न पत्र के पन्ने मिले।
दस्तावेजों की पुष्टि के लिए तुरंत महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के अधिकारियों को बुलाया गया और भिवंडी पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई। कई लोगों को हिरासत में लिया गया है और पुलिस पूछताछ कर रही है। महाराष्ट्र शिक्षा विभाग ने भी इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि TET 2026 परीक्षा राज्य भर के 1,028 केंद्रों पर आयोजित की जानी थी। परिषद ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा टाल दी गई।
बता दें, कि पिछले महीने ही NEET-UG का पेपर लीक हो गया था, जिससे पूरे देश में राजनीतिक हंगामा मच गया था। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित विभिन्न विपक्षी राजनीतिक दल इस मुद्दे पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की लगातार मांग कर रहे हैं। उनका मानना है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस स्थिति के लिए जिम्मेदार हैं और उन्होंने मोदी सरकार के इस्तीफे तक अपना आंदोलन जारी रखने का वादा किया है।