भोपाल, 

रातीबड़ थाना क्षेत्र स्थित झागरिया खुर्द गांव में रविवार रात एक बाइक सवार खड़े डंपर में जा घुसा। हादसे के बाद उसे नजदीक ही स्थित अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन वहां कुछ ही देर बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पीएम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार सुरेश शर्मा पिता प्रभु लाल शर्मा (45) झागरिया खुर्द, रातीबड़ में रहते थे और प्राइवेट काम करते थे। रविवार रात करीब 9 बजे वह नीलबड़ से अपने गांव झागरिया खुर्द जा रहे थे। वे बाइक पर अकेले थे। गांव पहुंचने से पूर्व वे झागरिया खुर्द चौराहा पर सड़क किनारे खड़े डंपर से जा टकराए। हादसे में उनकी बाइक डंपर में पीछे की तरफ पूरी घुस गई थी और उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाइक और डंपर के बीच से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्रारंभिक जांच में ही डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंपर बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपी चालक पर लापरवाही पूर्व डंपर सड़क किनारे खड़े करने के कारण प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी गंभीर

भोपाल। ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र स्थित बायपास मार्ग पर रविवार शाम एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चला रहे युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसके बयान नहीं हो पाए है। टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है। एएसआई उमाशंकर शर्मा के मुताबिक शिवराज उर्फ गोलू पुत्र आसाराम मीना ( 25 ) सूखी सेवनिया का रहने वाला था। रविवार की शाम को वह अपने साथी अभिषेक मीना के साथ ईंटखेड़ी बायपास मार्ग से ग्राम डोबरा की तरफ जा रहा था। शाम करीब छह बजे दोनों जैसे ही मीना चौराहे के पास पहुंचे, वैसे ही किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण शिवराज की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभिषेक के बयान होने के बाद ही हादसे के बारे में सही घटनाक्रम पता चल पाएगा। राहगीरों ने पुलिस को बताया कि बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी।