भोपाल: राज्य सरकार के वन विभाग के अंतर्गत कार्यरत लघु वनोपज संघ ने 32 वनोपजों का न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया हुआ है, परन्तु इन वनोपजों की खरीदी हेतु जो सालाना बजट रखा जाता है, उसका पूर्ण उपयोग नहीं हो रहा है।
एक अधिकृत रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2022-23 में एमएसपी पर खरीदी हेतु 5 करोड़ रुपयों का बजट रखा गया था जिसमें से 1 करोड़ 57 लाख 37 हजार रुपयों का ही आवंटन किया गया परन्तु खरीदी हेतु मात्र 66 लाख 89 हजार रुपयों का ही उपयोग हुआ।
इसी प्रकार, वर्ष 2023-24 में एमएसपी पर खरीदी हेतु 2 करोड़ रुपयों का बजट रखा गया और इसमें से 48 लाख 85 हजार रुपये का ही आवंटन किया गया परन्तु खरीदी में सिर्फ 15 लाख 89 हजार रुपयों का ही उपयोग हो पाया।
इन वनोपज की खरीदी एमएसपी पर होती है :
अचार गुठली 130, बहेड़ा 25, हर्रा 20, बेलगूदा 30, चकोड़ा बीज 20, करंज बीज 20, शहद 225, अ-लाख कुसमी 275, ब-लाख रंगीनी 200, अ-महुआ गुल्ली 35, ब-महुआ फूल 35, नीम बीज 30, नागर मोथा 35, साल बीज 20, जामुन बीज 42, आंवला गूदा 52, मार्किंग नट-मिलावा 9, अनंत मूल 35, अमलतास बीज 13, अर्जुन छाल 21, गिलोय 40, कोंच बीज 21, चिरायता-कालमेघ 35, बायबडंग बीज 94, धवई फूल 37, वन तुलसी पत्तियां 22, कुटज-सूखी छाल 31, इमली बीज सहित 36, सतावर 107, मकोय-सूखे फल 24, अपंग पौधा 28 एवं गुड़मार 41 रुपये प्रति किलोग्राम।