MP News: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लाड़ली बहना सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल होने जा रही यात्रियों से भरी एक बस अचानक पटल गई. इस हादसे में तीन लोगों की मौत और कई यात्रियों के घायल होने की खबर सामने आ रही है. तो वहीं, 5 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए है.
यह बस बुधवार दोपहर उमरिया नेशनल हाईवे के घंघरी ओवरब्रिज पर अनियंत्रित होकर पलट गई. जानकारी के मुताबिक, बस सीएम शिवराज के कार्यक्रम में लोगों को लेकर जा रही थी. बता दें कि आज उमरिया जिले के भरौला में लाड़ली बहना योजना का कार्यक्रम आयोजित किया गया था.
ख़बरों के मुताबिक, शुभम ट्रेवल्स की बस शहडोल पाली बीरसिंहपुर (उमरिया) के भतौरा गांव से लोगों को लेकर कार्यक्रम स्थल जा रही थी. एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि एक बाइक को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर पलट गई. जिसमें 3 यात्रियों की मौत हुई है.
घायलों से मिलने पहुंचे सीएम शिवराज-
इस हादसे के बाद महामहिम राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की. सीएम शिवराज ने उमरिया नेशनल हाईवे के घंघरी ओवरब्रिज पर हुए बस दुर्घटना में मृत यात्रियों के परिजनों एवं घायलों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद का भरोषा दिया. साथ ही डॉक्टरों को निर्देश दिया कि घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज दिया जाये.
मृतकों के परिवार के एक सदस्य को नौकरी-
हादसे के बाद सीएम शिवराज ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना दिखाते हुए कहा कि उमरिया में हुई दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में जो साथी नहीं रहे उनके परिवार को 10 लाख रुपए की राहत राशि और परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी दी जाएगी. साथ ही घायलों का निःशुल्क उपचार होगा. गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार व सामान्य घायलों को 10 हजार रुपए की राहत राशि दी जाएगी.