भोपाल। राजधानी भोपाल में बन रहे वन विभाग के नये वन भवन की अब कुल प्रस्तावित लागत 182 करोड़ रुपये हो गई है। अब तक विभाग 158 करोड़ रुपये का भुगतान कर चुका है और उसे 24 करोड़ रुपयों का और प्रबंध करना है।

उक्त नये वन भवन के लिये वन विभाग के अंतर्गत कार्यरत ईको पर्यटन बोर्ड से डेढ़ करोड़ रुपये लिये जा चुके हैं जबकि राज्य वन विकास निगम ने पहले 28 करोड़ रुपये दिये थे तथा अब उससे 2 करोड़ 80 लाख रुपये और मांगे गये हैं। वहीं राज्य लघु वनोपज संघ ने पहले 36 करोड़ रुपये दिये थे और अब उससे 3 करोड़ 60 लाख रुपये और लिये जा रहे हैं। कैम्पा फण्ड से 10 करोड़ 75 लाख रुपये लिये जा चुके हैं। बाकी राशि की व्यवस्था वन विभाग के बजट से की जा रही है।

अब तक गठित नहीं हुई समिति :

वन मंत्री विजय शाह ने गत 27 दिसम्बर 2022 को नये वन भवन को वन विभाग को सौंपने के पूर्व के निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं मापदण्डों का परीक्षण एवं सत्यापन करने के लिये एक समिति बनाने के आदेश दिये थे। वन मुख्यालय भोपाल के कैम्पा फण्ड के पीसीसीएफ सुनील अग्रवाल ने पीसीसीएफ उत्पादन असीम श्रीवास्तव की अध्यक्षता वाली समिति जिसमें लोनिवि एवं जलसंसाधन विभाग के इंजीयिरों को भी शामिल किया गया है, के गठन का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा हुआ है लेकिन अभी तक इस समिति के गठन के आदेश जारी नहीं हो पाये हैं।

उल्लेखनीय है कि उक्त वन भवन का निर्माण कार्य राज्य पर्यटन निगम करा रहा है तथा ऐसी समिति के गठन से पर्यटन विभाग की छबि धूमिल होगी। इसीलिये इस समिति के गठन पर अब तक अमल नहीं हो पाया है। वन भवन में वन मंत्री एवं वन विभाग के एसीएस जेएन कांसोटिया के कक्ष भी बनने हैं जिसके लिये वन मंत्री ने निर्देश दिये हुये हैं। नया वन भवन मार्च 2023 तक पूर्ण होने की संभावना व्यक्त की गई है।